Showing posts with label hindi. Show all posts
Showing posts with label hindi. Show all posts

Sunday, December 8, 2013

पिल्ला

सुमन के हाथ यूँ तो पन्ने पर कलम को लिए फिर रहे थे पर उसकी आँखों के पटल पर वह दृश्य रह रहकर दस्तक दिए जा रहा था। एक नन्हा सा शरीर कैसे पुराने मैले कुचले कपड़े कि तरह सड़क पर पड़ा हुआ था। थोड़ी दूर से ही देखा था पर सुमन के अंदर का भय सच्चाई बन धराशायी हो चूका था। पास जाकर देखा, छोटे छोटे दाँत जमीन से घिसे हुए थे। शरीर पर के रोएँ भद्दे और एक लाल सुखी नदी कि चरमराती रेखाओं कि तरह बिखरे हुए थे। शायद थोड़ा वक़्त बीत चुका होगा। कुछ दो दिन पहले हो तो इसे देखा था। एक दूकान के सामने यह भूरे रंग का पिल्ला ऊन के गोले कि तरह ढ़िलमिलाये दौड़ रहा था। गाड़ी के खिड़की से सिर्फ पल बाहर के लिए ही देखा था पर बस दो सेकंड के झलक में ही जैसे गहरा सम्बन्ध बन जाता है इनसे। कई यादें भी तो जुड़ी है। बचपन में सुमन के पिताजी ने काले और भूरे रंग का अल्सेशियन पिल्ला लाये थे। उसे याद है वह उचक कर आईने में देखता हुआ अपने दाँत साफ़ कर रहा था। आँखों के किनारों से जब पापा के हाथ में उस कुलमुलाते हुए पिल्ले को देखा तो उसकी ख़ुशी का ठिकाना नहीं था। याद भी नहीं कि कुल्ला किया कि नहीं। उसका नाम लूसी रखा गया था। सर्दी का मौसम था। लूसी को रखने के लिए लकड़ी के क्रेट में बोरे और फूस को बिछा कर नर्म बिस्तर बनाया गया था। एक रात जब लूसी उचक कर क्रेट से बाहर गिर पड़ी थी तो सुमन ने अपनी माँ के गोद में सर रखकर आँसू भी बहाये थे। सुमन अतीत और आज के आना तानी से तंग आकर उसने काम छोड़ वापस उस पिल्ले को देखने के लिए निकल पड़ा। कुछ दो घंटे पहले जब वह घर आ रहा था तो रास्ते पर उस पिल्ले को पड़ा हुआ देखा। माँ को गाड़ी रोकने के लिए कहा और तुरंत नीचे उतर कर पास जाकर देखा। उस ऊन कि गोल शारीर में कोई जान बाकी नहीं थी। नज़रें उठाकर इधर उधर देखा पर उस गली में बसी दुनिया में कोई भी हृदय की हलचल नहीं दिखी। पर वह जानता था कि उसे इसकी उम्मीद भी नहीं थी। पास कूड़े के ढेर में से एक गत्ते का टुकड़ा उठाया और पिल्ले को सड़क के किनारे कर दिया। सुमन अपने आप को समझा रहा था कि कम से कम अब कोई गाड़ी इसे बार बार तो नहीं रौंदेगी। पर घर जाकर भी उसकी मनोस्तिथि उस पिल्ले के साथ सड़क पर ढ़ेर थी। वह जानता था कि हर जीवन का अंत सुनहरे लिबास में लिपट कर नहीं होता। अपने आप को समझा रहा था कि चील कौवें उस पिल्ले को जीवन मरण के गोल चक्र के आड़ में ले लेंगे। पर मन तो उतारू था कहीं और। आख़िरकर जब सुमन ने पिल्ले के आस पास कहीं ज़मीन खोजनी शुरू कि जहाँ दफनाया जा सके तो उसे निराशा ही हाथ लगी और कुछ अपने अंदर कि कायरता भी। निराशा इस बात कि कहीं भी अब नर्म मिट्टी नहीं मिलती। हर तरफ या तो कूड़े करकट का ढेर नहीं तो नयी इमारतों को बनाने में लगी गिट्टी बालुओं का द्वीप। कायरता इस बात कि लगी कि क्या वह अपने प्रयास में उतना रुझारुपन पा सका। चीटियाँ अब अपने काम में जुट चुकी थी। सवेरे तक जब गंध फैलेगी तब ही इस समाज कि नज़र इस तरफ पड़ेगी। शायद यह सबूत ता उसके आँखों के सामने कि किस तरह इंसानों के समाज की परिभाषा सिर्फ इंसानों तक ही सीमित रहती है, उसमें जीव सिर्फ मनुष्य है और जन्तु वर्ग गायब है। अपने आप को हर श्रेणी में सबसे ऊँचा दर्जा देने कि ऐसी आदत सी लग गयी है कि बाकी सब कुछ एक निरर्थक भार है। सुमन इन सब से जूझ ही रहा था कि बगल में पटाके की आवाज़ आयी। एक हफ्ते बाद भी दिवाली अभी तक गयी नहीं थी। उस शोर में अपने आप और इस समाज से बस वह इतना ही कह सका कि मना लो अपने बर्बादियों की आतिशबाजी पर मेरे समाज में तुम्हें बस दुत्कार ही मिलेगी।  

- ख़ुफ़िया कातिल 

Sunday, December 1, 2013

सूरज का सातवाँ घोड़ा

कई दिनों तक वह अपने आप को समझाता रहा -- मत चेत उस लहर को जहाँ तेरा पाँव पिछला है, यह सागर की रेत है, यहाँ हर कदम छिछला है। वह समझा क्या रहा था मानो खुद को कोई मंत्र रटा रहा हो। एक ऐसा मंत्र जो उसके मन पर कसे रस्सियों कि गाँठ ढ़ीली कर दे। पर मन तो वह कुआँ है जहाँ दुहाई या सच्चाई, दोनों ही रसगान बस मेढ़क की टर्र-टर्र बनकर ही गूँजते है। इसे मानवीय प्रवित्ति कहें या कुत्ते की दुम, इसे हर बेचैन पल से निकलने के लिए कोई ना कोई प्रवचन कि आदत पड़ जाती है। हृदय के अंदर चलती उथल पुथल में अपने को डूबता स्वीकार करना जरूरी नहीं समझा जाता क्योंकि सारा ध्यान सिर्फ शब्दों के बने बाँध जोड़ने में लगे रहते है। इसी जाल में फंस कर उसने अपने आप को अब यह रटाने लगा -- मत चेत उस लहर को, तू रेत नहीं धुआँ है। ना मथ उस सागर को जब तुझमे ही कुआँ है। अपने आप को ऊबारने की कोशिश में वह इस कदर बेचैन है कि उलझनों का दलदल उसे खींचे जा रहा है। हताश हो उसने अपने झोले में से एक किताब निकाली, शीर्षक था 'सूरज का साँतवा घोड़ा'। कुछ पन्ने वह पढ़ चुका है। सच बात तो यह है कि उसने यह किताब अंग्रेज़ी अनुवाद में लगभग बारह साल पढ़ी थी। सर्दी की छुट्टियाँ थी और छत पर धूप में चटाई बिछा कर करवटें बदलते हुए उसने पूरी किताब को अपने अंदर घोल लिया था। इतने सालों बाद कुछ याद नहीं कि किताब में क्या था पर एक मीठा दर्द भरा एहसास था जो कि अभी भी याद था। एक एहसास जिसने उसे जीवन के दो मूल रूप का परिचय दिया था। आज, इस वक़्त, इस भीतर कि लड़ाई से जूझता वह उस किताब को फिर पढ़ रहा है पर किसी उपचार के रूप में नहीं। पन्ने बस पलटते गए, मन भी उलझनों को छोड़ माणिक मुल्ला (उपन्यास का मुख्य किरदार) के दुनिया में विचरण करने लगा। कुछ पन्नों ने तो बस थाम लिया और जब विदा लिया तो इस कदर कि अब शब्दों के बाँध ध्वस्त लगने लगे। लाख समझा लो, पर इस मन को बाँधना आसान नहीं, इसे फुसलाअों उन किताबों, कविताओं, रचनाओं से जिसने आज भी बारह साल के गर्म धूप को नम नहीं होने दिया, वह धूप भी एक एहसास है।सिर्फ लहर, रेत और कुआँ, आखिर कब तक इन उपमाओं और अलंकारों में अपने मनोदशा की तस्वीर खोजे? हाँ, कदम है तो ठोकर खायेंगे ही और खाना भी चाहिए। पर हर एक ठोकर के लिए एक मल्हम ज़रूर है। उसके नुस्खे अपने है और उसकी रीत अपनी है। शायद इसीलिए जब भी वह रिश्तों और परिवेश के जोड़ और नाप से विचलित हो जाता है तो अपने कर्म के ही शरण में जाता है। यह कर्म ही उसके रथ का सातवाँ घोड़ा है क्योंकि जब उसने सारे छः घोड़ो को बोझिल कर दिया तो सातवें घोड़े ने ही इस मन को भूलभुलैया में घुमा कर नयी दिशा दी। शायद इसलिए अब रटने को कुछ है नहीं बस एक एहसास है। वह इस पल में आगे बढ़ रहा है। ना दुहाई है और ना सच्चाई है अर्पित करने के लिए। कुँए के मेढ़क भी थोड़े शांत पड़ गए है। भूलभुलैया में भटक के अब देखा जाए।

- ख़ुफ़िया कातिल 

'सूरज का सातवाँ घोड़ा', धर्मवीर भारती की लिखी हुई उपन्यास की कुछ पंक्तियाँ --



Saturday, November 23, 2013

सागर की रेत

कितने ही दिन बीत गये है, वह आज भी वहाँ आ जाता है, उस लहर को चेतने। कितनी ही बार समझा चूका है खुद को पर बहकने के लिए बहाने हज़ार है और बहलाने के अलावा उसके पास और कोई रास्ता नहीं सूझता। यह तो ऐसी खाई है जहाँ आँखें मूंदना और नीचे झांकने भर का फर्क है। खैर, अब वह आ ही गया पाँव गीले किये हुए। उसे पता है पानी छिछला होते ही जा रहा है हर दिन के साथ। उस लहर को चपेटने कि कोशिश में भी तो उसका पाँव भी तो पिछला ही रहा है। कुछ चीज़ें होती भी ऐसी ही है, हाथ से निकल जाए तो ही अच्छा है, वरना हाथ में आते ही मुट्ठी बाँध हम उसे नया रूप देने लगते है। समुन्दर के सवेरे कि फैली धुंध है या इस अंतर्द्वद के जंगल में बझी हुई सांसें, यहाँ आहों से ही सहारा मिलता है। रेत आकर उसके पाँवों को छूकर वापस लौट जा रही है। उसने कहा 'मत खेल मेरे साथ, हर दिन ही जंगलों को काट काट कर मैंने बाँध बनाये हैं। पर तेरा यह रिझाता हुआ आकर्षण हर बार ही रिसती हुई दरार बन जाती है।' बचपन में कहानी सुनी थी किसी कि जिसने अपने शरीर को बाँध पे लपेट कर बाढ़ लाने से रोक दिया था। पर मैं, मैं आज भी लकड़ियाँ काट रहा हूँ। उसने नीचे झूक कर लहरों कि रेत को सराहा, न जाने किस युग कि होंगी। ये तो हर पल ही दस्तक दे चली जाती है। उसने एड़ियों को मोड़ कर नयी तराशी हुई रेत को रोक लेना चाहा। अंगूठों से भी घेरा लगा लिया। पर सतह के नीचे भी सतह है, कितने सतहों को वो माप लेता? सरक कर सारे कण पानी कि साथ चले गए। आँहें लेकर फिर सोचा 'क्यों चेतता है वह लहर जहाँ तेरा पाँव जी पिछला है?' असल में यहाँ सवाल अब पूछना नहीं पड़ता, अब तो यह हर भीतर के संवाद का मुद्दा और मदद बन चूका है। वह जानता है कि उसके मोड़े हुए एड़ियों के नीचे बस एक गहराता हुआ कुआँ रह जायेगा। वहाँ ना लहर आएगी, ना सागर की रेत, बस एक गोल आकाश झांकेगा। बस आदत ही ऐसी है कि सच्चाई को भी दिशा भ्रमण से बचाना होता है। याद रखना पड़ेगा 'मत चेत उस लहर को जहाँ तेरा पाँव पिछला है, यह सागर की रेत है, यहाँ हर कदम छिछला है।' कोशिश करेगा कि भूले नहीं, शाय़द मन को हौले हौले बहलाना होगा। पर वह क्या करे, अपने भीतर के कालिख को वह दूसरों पर रंग बना कर तो नहीं पोत सकता ना। थोड़ी देर लहर के साथ चला, अपने आप को भीतर ही कसा और कहा 'तुझे चाँद ही बाँध सकता है, मेरे लिए तू मुमकिन नहीं।'

- ख़ुफ़िया कातिल 

Thursday, October 17, 2013

बस स्टॉप

रास्ता सवेरे की भीड़ से खचाखच भरा है। बस हिचकियाँ लेते हुए बढ़ रही है। सुमन पीछे की सीट पर बैठा अपने बाहिने तरफ के खिड़की से बाहर झाँक रहा है। सीट ऊँचाई पर होने के वजह से आस पास की गाड़ियाँ कीड़े की तरह रेंगती नज़र आती है।

'यह देखो मोटरसाइकिल वाले को, बस स्टॉप के पास से कोई गलत तरफ से ओवरटेक करता है! उफ़! इंच दर इंच का फासला लेके ही चलना आता है यहाँ सबको।'

रोड को मसलते हुए यह विशालकाय लाल ए.सी. बस बस स्टॉप के थोड़ा आगे रुकती है। और जब रुकती है तो ऐसे लगता है जैसे की कै करके सब उलटी कर दे। सुमन सीट को सख्ती के साथ पकड़ लेता है। इस बस का टिकट ज़रा महँगा पड़ता है, वरना उस नीली बस में कदम रखो तो जानो, वहाँ झटके खाने के लिए जगह कहाँ? लोहे के ढाँचे में जैसे मानव चटनी पीसा जा रहा हो। गहरी साँस छोड़ते हुए बस का दरवाज़ा खुलता है। सैनानियों की तरह तैयार उतरने वाले यात्री एक एक करना अपना डब्बा और बस्ता दबाये उतर जाते है। कुछ ठीक उसी प्रकार के यात्री वापिस उन खाली सीटों को भरने आ जाते है। तभी हाथ दिखाकर एक बूढ़ा आदमी बस को रुकने का इशारा करता है। सुमन को यहाँ की भाषा को उतना बोध नहीं है पर बूढ़े को कंडक्टर से इतना पूछते हुए समझ गया कि यह बस कहाँ तक जायेगी और उसका भाड़ा कितना पड़ेगा। इतनी जानकारी लेकर वह कुछ पल की मोहलत माँग बस स्टॉप से अपने हाथ में दो झोला उठाये आ जाता है। सुमन टकटकी लगाकर उसकी और देखता है। बूढ़े आदमी ने अपने दोनों झोले को कोने में टिका कर एक खाली सीट को खोल उसपे अपनी जगह बना ली। उसके बाल चांदी की लहर की तरह करीने से सीटे हुए है। चेहरे पे धब्बेदार काली छिटपुट झुर्रियाँ बिखरी हुई है। दाढ़ी भी अधकटी फसल की तरह बिछी हुई है। उसके खूँटी समान गले पर एक ढीला खादी का शर्ट, बोझिल नेहरु जैकेट और घिसा हुआ गमछा, तीनों ही तीन मटमैले केसरी रंग के भेद में लटक रहे है। इसके अलावा रुद्राक्ष, मोती और धागों का जंजाल भी गले पर बसा हुआ है। एक पीले रंग की सीटी भी लटकाई हुई है। एक हाथ में सोने के पानी चढ़ी घड़ी है। दूसरे हाथ में लटकी चीज़ों की जाँच करने में सुमन को मुश्किल हो रही है, बस हिचकोले खाना बंद जो नहीं करती और वह बूढ़ा आदमी भी थोड़ी दूरी पर है। आँख को और नीचे ले जाकर देखा, पैंट पर दोमुहरा मोड़ है। और नीचे। पाँव में मिट्टी के रंग के सैंडल है। नज़र उठाकर फिर से जाँच पड़ताल शुरू की। सुमन को बैठे बैठे पात्र विश्लेषण करने की हमेशा से ही रुचि रही है। रेलवे स्टेशन पर भी घंटों बैठे उसने अपने आस पास के उठते बैठते लोगों को एक अनजान रचना का किरेदार बनाने में देरी नहीं की है। जब नज़र दूसरी बार फेरा तो बूढ़ा आदमी अपने पॉकेट में से भाड़े का पैसा किफायती और संभले हाथों से देता दिखा। पैसे को वापिस हिफाज़त से रख उसने अपने गले में टंगी सीटी को निकाला। वही सीटी जो स्कूल में स्पोर्ट्स टीचर लिए कोहराम मचाते फिरते है। कायदे से सीटी के धागे को लपेट कर एक हाथ में रखा और दुसरे हाथ से अपने पॉकेट में से एक छोटा सा बटुआ निकाला। उसके अन्दर से एक मुचड़ा हुआ पॉलिथीन का तिनका निकालकर उसे खोला। सीटी को उस पॉलिथीन में लपेट कर फिर उस बटुए में डाला और फिर जेब में। सुमन की टकटकी में अब ज़रा और रस आ गया। फुस्स… बस फिर से लड़खड़ा कर रुकी और दरवाज़ा खुला। बूढ़ा थोड़ा अचकचा कर उठा। इधर उधर नज़रें तानी और कदम बढ़ाये सुमन की तरफ बढ़ने लगा। सुमन के सामने वाली सीट खाली है, शायद बूढ़े को नीचे वाली सीट पर दिक्कत आ रही होगी। पर बूढ़ा सुमन की बगल वाली सीट पर बैठ गया। सुमन के अंदर एक हल्की शंका की लहर दौड़ गयी।

'कहीं इसने मुझे घूरते हुए तो नहीं देख लिया था? या फिर किरेदार खुद कहानी बनने आया है?'

पर बूढ़ा तो सुमन के मन तरंग से परे सीट थामे बैठा हुआ है। सुमन ने बूढ़े का दूसरा हाथ देखा। उसपे भी उसके गले के तरह ही कई धार्मिक मालायें लपेटी हुई है। एक स्वस्तिक भी बस के उथल पुथल के साथ झूल रहा है, हाथ में। सुमन ने आँखों के किनारों से ताका, शर्ट का ऊपरी जेब कागज़ पत्तर के गठरी से ठूसा हुआ है, दो कलम भी खोसे हुए है। बूढ़े ने अपनी पैंट की जेब में से कुछ खुले नोट निकाले। सौ के भी एक आध नोट है और दस के नोट थोड़े बिखरे तरीके से रखे हुए है। थोड़ी देर तक नोटों को उलट पुलट कर देखता रहा। दस के नोटों को सही कतार में लगाया। एक पांच का नोट भी है। उस नोट को हाथ में दबाये उसने बाकी सारे नोटों को वापिस जेब में सुला दिया। अब पैंट की दूसरी जेब से उसने मोबाइल फोन का खाली खोल निकाल लिया। खोल गुलाबी रंग का है और रेक्सीन का कपड़ा लगा हुआ है। सुमन की आँखें वापस चौकन्नी हो झाँकने लगी। खोल में से कुछ सेफ्टी पिन चमकते हुए दिखे। बूढ़े ने दुसरे हाथ में थामे पाँच रुपये के नोट को खोल में डाल कर, हाथों से थपकी देकर जेब में डाल लिया। अब ना चाहते हुए भी सुमन का ध्यान एक ललक के साथ बूढ़े के ऊपर ही मंडराने लगा। बूढ़े ने इस बार हाथ शर्ट की जेब में डालकर दस का नोट निकाला और दुहराई हुई आदत के साथ उस नोट को उलटने पुलटने लगा। सुमन इस सम्मोहन के कारनामे से अपने आप को बाहर खींचने के लिए खिड़की की तरफ देखता है। उसका बस स्टॉप आ गया है। वह बूढें की और देखता है। बूढ़ा नज़रें नीचे किये, नोट को पकड़े सूमन के निकलने के लिए जगह बना रहा होता है। बस खुरचती हुई दम तोड़ती है। सुमन बाहर उतरकर आखिरी बार बूढ़े की और देखता है। सीट की आड़ में एक छुपा और झूका हुआ चेहरा बस के साथ आगे बढ़ता चला जाता है।       

- ख़ुफ़िया कातिल 

Sunday, October 6, 2013

संदूक

आँखें खुली ही है। अँधेरा ढल चुका होगा। भीतर की चरमर करती आवाज ने रात भर सोने नहीं दिया। करवटों को बार बार पलट कर खोजा पर कुछ मिला नहीं। रेत की बोरी की तरह रिसती हुई आँखों से खिड़की की और झाँका, क्या अँधेरा ढल चूका होगा? पर्दे हटाये। बगल के घर की दीवार पीठ दिखाकर खड़ी है। कभी यहाँ से सब कुछ दिखता था। अब ईटों से रास्ते बाँट कर कोई कैसे यूँ सो लेता है? अपना शोर दूसरों के घरों में छोड़कर? पर दीवार ने कुछ नहीं कहा। झुँझला कर पर्दे वापिस खींच कमरे में देखा, क्या अब यहाँ उम्मीद भी नहीं आती है? दरवाज़ा बंद है। ताले पर कुरची हुई जंग लग गयी है। कुछ घंटों में यह सवेरा जो दिखता नहीं ओझल हो जायेगा और रात फिर बिना बताये आ जाएगी। क्या रात क्या सुबह! मन की बड़बड़ में गुम पाँव कब जाकर पुरानी संदूक से टकराये पता नहीं चला। पर दर्द ने बता दिया। ठीक कमरे के बीचों बीच रखी हुई वह पुरानी संदूक। कई सालों से वही पर है, बस अन्दर झाँके ज़माना बीत गया है। पाँव पे लगी चोट को सहलाते हुए उसने एक हाथ से संदूक को खोला। कुछ पुरानी भूलों की मिट्टी है, उसपे फेके हुए पत्थरों का ढेर और छ: फुट खोदे हुए गड्ढों से बची हुई कुदाल। एक चाभी भी कोने में पड़ी है। दरवाजे की है। यह भी पुराने संदूक में रह गयी थी, पता ही नहीं चला। ताले में डाल करके ऐठा पर कुछ अटक सी गयी। शायद जोर ज्यादा लगा दिया होगा। हौले से घुमाया और दरवाज़ा खुल गया। बाहर झोल और धूल बैठी है। शायद भूल गयी होगी की किसी सुबह यहाँ भी दस्तक होगी। न जाने दरवाज़े को खुला देख उसके मन में क्या चला वह संदूक खींच कर बाहर निकल आई। संदूक भारी है, ज़िन्दगी में कुछ भूलना उसकी आदत जो नहीं रही। संदूक को घसीटने से धूल की परत ने एक लकीर में दम तोड़ दिया। उस लकीर से ज़मीन पर बिछा अभिमान झाँक रहा है। उससे कहने लगा कुछ कदम ही सही, तय तो किया। तेरा रास्ता तुझे खोजने कभी नहीं आया। तेरा रास्ता तो इस कमरे में बंद संदूक में इंतज़ार कर रहा है। अब बना ले इसे। मैं जानता हूँ थक के यहाँ लौटेगी, इसलिए इस धूल में तेरे पैरों के निशान छोड़ दिए है, इसे मत भूलना। इसे वापिस अपने संदूक में रख लेना जब रास्ता बन जाये, जब समय थोड़ा बीत जाये। अँधेरा ढल रहा है, अँधेरा फिर आएगा, पर अब सुबह भी आयेगी।      

- ख़ुफ़िया कातिल           

Wednesday, October 2, 2013

चिनगारी

दुनिया फूस बटोर चुकी है,
मैं दो चिनगारी दे दूँगा।
- कविवर हंसकुमार तिवारी

Thursday, September 19, 2013

फिर से

वैसे तो तुम्हारी याद कोई तारीख देख कर नहीं आती है. जिस तरह धूल एक बंद घड़ी में रास्ता ढूँढ उसके पुर्जों पर बैठ जाती है, उसी तरह मेरी यादों के कस्बों में तुम्हारा आना जाना एक मुक्त घड़ी की ताल हो गयी है. कहने को तो टेबल पर एक तस्वीर मढ़ कर रखी है, पर अफ़सोस यह व्यस्तता उसे ओझल कर देती है. पर ख़ुशी इस बात की भी हैं कि अभी तस्वीरों का मोहताज नहीं हुआ हूँ, पर होने का डर जरूर है. आज फिर से अपने आप को किया हुआ वादा पूरा करने का प्रण किया है. यूँ तो खुद से हारने की आदत गयी नहीं है पर अपने आप को हर दिन खोता देखना भी रास नहीं आता. आज फिर से कुछ ठाना है, उम्मीद है इस बार निराश नहीं करूँगा, खुद को. तुम बस आते जाते रहना.  

Friday, September 13, 2013

भस्म

कुछ चिंगारियाँ ऐसी भी जिन्हें हवा दे दूँ तो सब भस्म हो जाए।
- ख़ुफ़िया कातिल

Wednesday, August 7, 2013

स्वंय मर्दन

तू बन सँवर
बना वो भँवर,
पोंछ डाले हर उफ़ान
तू है वहीं  लहर।

तू अनेक नहीं एक है
उसमे भी विशेष है,
इस इकाई से ही तू श्वेत  है
ना भटके वो रेत है।

करते है तो करने दे वार
पुतलियाँ नहीं बाँधती संकल्पों का सार,
वो क्या मापे तेरा हृदय गार
सब छल लेंगे पर तेरा भार।

क्यूँ टटोले अंधे बर्तन
इस शोर का ना ले कंपन,
तुझमे ही तेरा दर्पण
यह जीवन तो है स्वंय मर्दन।

- ख़ुफ़िया कातिल

Friday, July 26, 2013

मैं तैयार हूँ

अगर जूझना ही है तो मैं तैयार हूँ
बस मुझसे मेरा गम ना माँगो ।
- ख़ुफ़िया कातिल

Friday, July 5, 2013

मर्तबान

अब बस, अब बस
अब नहीं बनता इरादों का मर्तबान
किनारे पिघल चुके हैं
काँच के टुकड़े पड़ गये धुंधले
अब इनसे नहीं झाँक पाते मेरे पैमान
कोने अब खोखले
पूछते हैं मेरा पता, मेरा सामान
शीशियों में छोड़ नहीं पाता कुछ
गले की धारियों में ही बसते अरमान
कई दरिया रखे थे स्थिर
धूप में सेका था कई सालों को
पर कुछ चींटियों ने आज भी याद रखा हैं मेरा कल
अब बस, अब बस
ढांचों से जोड़ने को अब कुछ नहीं बाकी
अब बस, अब बस
अब नहीं बनता इरादों का मर्तबान
- ख़ुफ़िया  कातिल 

Thursday, May 16, 2013

मनेर शरीफ़ की सुबह

एक सफ़र की परिभाषा सिर्फ उसके मुकाम से नहीं होती, रास्ते में टूटती मूंगफली भी यह जानती है जब तक सड़कों को छोड़ पाँव पुराने ठिकानों को नहीं याद करेंगे तो वह सफ़र बेराग हो जायेगा। कभी पीपल के पेड़ पर धागों की उलझन देखी हैं? अगर पीपल का पेड़ एक राह है तो धाँगे की हर एक गाँठ कुछ परिचित अपरिचित ठिकानों का मुंडेरा। बचपन की बात है, सपरिवार हम जब भी आरा से बरौनी का सफ़र अपने मारुती 800 में बैठे तय करते थे तो पापा अक्सर ही मनेर के बाजारों से परे बने एक दरगाह पर गाड़ी रोक देते थे। गाड़ी से पाँव बाहर रखते ही एक छोटे से तालाब में सूफी संतों के दरगाह की लाल प्रतिबिम्ब तैरती दिखाई देती थी। तालाब के एक परे सैलानियों के लिए छोटी सी कैन्टीन थी और उस परे दो सूफी संत - मखदूम याह्या मनेरी और मखदूम शाह दौलत की छोटी बड़ी दरगाह। वहाँ आंधे घंटे बैठ कर चाय-कॉफ़ी पीना और तस्वीरें खींचना, बस इतना सा ही था उस ठौर का आकर्षण, पर सफ़र दर सफ़र वहाँ पल गुजारना एक आदत सी बन गयी थी। कई सालों के बाद मैंने एक बार उस दरगाह के पत्थरों से सजी ज़मीन पर पाँव रख अंदर मौन उन सूफी संतों की मजार देखने की ठानी। शायद उस से पहले ज़रुरत महसूस नहीं हुई थी। वक़्त का दोष था, हालात बिगड़े थे, ऐसे में इंसान मूक सेजों से भी फूल माँगने लगता है। आज भी उस धुप में अपनी परछाई उन लाल पत्थरों पर रेंगती हुई याद है। कई दबे शब्दों से गुजारिश भी की थी पर सब बिखरता ही रहा। मैंने फिर भी उम्मीद बाँध एक बार फिर वहाँ कुछ सालों बाद कदम रखा। वह दिन भी याद है, उस दिन आसमान कोयले से पोती हुई भींगी रुई थी। उस बारिश की मार भूलना मुमकिन नहीं। पर धीरे-धीरे उम्र और परिस्थितियों ने समझा दिया था कि दोष और उपकार मूक दीवारों में दफना कर तसल्लियों पे जीना एक धोखा हैं। पिछले नवम्बर मैं और मम्मी मनेर शरीफ गए थे। हवा में धुंधली सी ठंड थी पर कई सालों बाद दरगाह को देख रहा था। कुछ दीवारें काली पड़ गयी थी। वापस उन लाल दीवारों को सराहा पर इस बार कुछ माँगने के लिए नहीं आया था। शायद बस अपने डर को बतला रहा था की आज मैं हार के भी जीत गया हूँ। आज माँगने के लिए कुछ नहीं है। वहीँ बैठ कर मम्मी के साथ उस दरगाह को स्याही की लकीरों में बाँधी, चाय पी और वापस सफ़र पर निकल पड़ा।





Saturday, May 11, 2013

Table Tennis

Some days I think fondly of some creation and others I grimly accept that it's not very good. It's hard, you want so much to produce good and meaningful work but it can never possibly live up to your own expectations. Every work is ultimately a failure. How could it be anything but? The only work that ever succeeds is someone else's.

The lines above sum it all up for me. Making comics is an arduous task, many find the short format of it difficult, but for me it's the idea of making a fat book which frightens me. Ten months back, a good share of enthusiasm and belief made me compile 25 pages of my comic, but it took me only a few months to be dissatisfied with it. I had taken feedback from people, while most of it was encouraging, I, myself could see the lack of narrative discourse on the pages. The use of language in the comic was slightly off, it felt like sitting in an office wheel chair while working on a mahogany vintage desk. Language is a big cultural parameter, finding its substitute in another language is not an easy pie for novices like me. We need to leave the task of a professional to a professional. Another question which rang in my head was "How do we remember our past? Is it with characters, objects, songs or events?" To me it's events that connect the dots. Objects and characters are fragments of the event, they add decor and flavour to the anecdotes. The past is always dissected as thread of events in our memory, we just see it as a stitched fabric. Having done 25 pages already, I decided to move ahead with the comic and then rework the finished pages later. Some of the key decisions taken with the comic are - 

1. To make smaller comic strips for each event, this will come together to form the larger picture. It will provide freedom in making the closure for the story, and altering the drawing style. It will also take the pressure off from doing a brick shaped thick book. 
2. Use Hindi as the language for the comic. It will help in serving the story less unadulterated, although it can be translated to English later on by a good copy writer to make it available for a larger audience. 
3. Draw the way you like to draw. 

I am sharing the very first page I created with all these thoughts in my head. This is for the comic strip titled 'Table Tennis'. The type is hand drawn, working with Devanagiri script is surprisingly easy for me than the Roman one. I have used India ink for the inking, and then coloured it digitally. 




High res file here. 

Saturday, February 16, 2013

टैक्सी

मोबाइल फ़ोन का अलार्म उठने का आदेश दे रहा था पर उसकी आँखें न जाने कबसे जगी हुई थी। जब कभी भी उसे कोई ट्रेन या फ्लाइट पकड़नी होती है तो उसके अन्दर एक कौतुहल सी बनी रहती है। यह जानते हुए की रात भर वह खुद एक घड़ी की सुई बनकर करवटें खाते रहेगा, वह अपने बगल के मेज़ पर फ़ोन में अलार्म ज़रूर लगाता था। समय पर स्टेशन या एयरपोर्ट न पहुँचने का डर उसे हमेशा से ही रहा है। पर आज वह टुकुर टुकुर अपने होटल के कमरे को घंटों से ताक रहा था और उसका मन भी एक सेकंड के सुई के भांति अशांत था। एक कमज़ोर मरीज़ की तरह वह अपने बिस्तर के किनारे उठकर बैठ गया। उसके दोनों हाथ उसके बोझिल कन्धों का सहारा बने उसे गिरने से रोक रहे थे। आज शायद हृदय का भार बाहर छलकने लगा था। अपने सामने पड़ी स्थिर ज़मीन को उजड़ी हुई सो निगाहों से वह देखता रहा। "आखिर अच्छा बने रहना इतना मुश्किल क्यों हैं?" यह सवाल उसके कई चोटों की भेंट थी। इस भेंट को वह कुछ दिनों से खुरेंच खुरेंच कर खोलने की कोशिश कर रहा था। पर जब मरीज़ अपने मर्ज़ को पास पायें तो हर दवा पानी के भाव बह जाती है। भारी कदमों से चलकर उसने ठन्डे पानी का नल खोला और अपने चेहरे पे जमी शिकन को धोने की कोशिश की। आईने में अपने आप को देखा तो अपने सवालों का प्रतिबिम्ब ही निहार सका। आखिर आज वो इतना कमज़ोर क्यों पड़ रहा था? सदा ही दृढ़ संकल्प को अपना लोहा मानने वाला आज अपने घुटनों को पिघलते हुए महसूस कर रहा था। उसने अपने विचलित मन को टटोला और यही पाया की यह कर्मभूमि का प्राणी आज अपने रणक्षेत्र से परे है, इसलिए असहाय है। सालों से जब हालात बिगड़े तो उसने अपने काम को ही अपना निश्छंद द्वार माना है, उसे वहाँ कोई रोकता टोकता नहीं, वहाँ उसकी छाया भी आज़ाद है। अपनी उस द्वार को उसने कुछ समय के लिए क्या छोड़ा, ना जाने कितनी लकीरें उसके माथे पर वार कर गयी। दूसरों के लिए अच्छा होना मुश्किल है और अपने प्रति कायरता भी है, पर उसे जीने का कोई और अंदाज़ नहीं आता। शायद आज इसीलिए मन एक चक्रव्यूह घोल रहा है और वह एक पतली बाँध से टिका हुआ गाँव है। अभी वह अन्दर के मरोड़ खाते उफानों से निपटने की कोशिश कर ही रहा था की फ़ोन की घंटी बजी, टैक्सी नीचे आ चुकी थी। उसने अपने मन से हलके बोझों को कन्धों पर टांगा और उस अंजान कमरे को आखिरी बार घूर कर अलविदा कह दिया। बाहर ठंड उतनी नहीं थी जितनी कमरे में लग रही थी। वह पीछे की सीट पर बैठ गया और ड्राइवर ने गाड़ी को एअरपोर्ट के रास्ते मोड़ लिया। टैक्सी के शीशे पर थोड़ी धुंध जमा थी जिसे उसने अपने हाथ से पोछ कर पीछे छूटती दुनिया को देखने लगा। कई इमारतें उठती गिरती गयी, कई सड़कों को बांधती धारियाँ घटती और बढ़ती रही। कभी कुछ राहें चौड़ी, तो कुछ संकरी थी। कही झुग्गी झोपड़ी में धुएँ की सुराख थी, और कही आकाश भेदती चिमनियों की बंदूक। पेड़ों के झुंड कभी ईंट के आसरों से हारते, तो कभी यह आसरें समय की मार से। एक एक करके सब कुछ विलीन होते रहा, कुछ उसके मन की ही तरह, कुछ ध्वस्त और कुछ परस्त। नज़रें हटायी तो सामने बैठे अंजान ड्राइवर को सारथी समान देखा। उसे लगा की कभी उसका अंत भी कुछ ऐसा ही होगा, वह ऐसे ही इन सारे मन के इमारतों और रास्तों को छोड़ अपनी सांसें एक अंजान साँसों के बीच तोड़ेगा। शायद अच्छा बनना कायरता ही है, और सारे चेहरे अंजान है, पर उसे जीने का कोई और तरीका नहीं आता।  

Monday, November 26, 2012

स्वप्न बुनकर

सपनों के जलतरंग की बुनकर,
कभी देखा हैं धारों को धागों से गिनकर।
वो क्यारियाँ होती हैं उन्मुक्त,
फिसल जाती हैं बनकर सुषुप्त।
फिर भी तुम उन्हें पिरोती हो,
बुझी आँहों को सिरे से संजोती हो।
बचपन के बोंये बीज बिखेर,
गांठों में गिरे फूलों का रंग संवेर।
कढ़ती हो सर्दियों की गर्म धूप,
ओढ़ती हो इसमें अपना मन स्वरुप।
कोई क्यों छीने तेरी ठिठुरते उम्मीदों की रात,
कभी कुछ सपने सुन लेंगे तेरे जागते आँखों की बात।

- ख़ुफ़िया कातिल के तरफ़ से एक मित्र को जन्मदिन की भेंट।


        

Monday, November 19, 2012

झरोखों की धूल

इन सुस्त कमरों के झरोखों से,
कालें सीलन पड़ें कोनों से,
जब झाँकती आती हैं धूल,
तो आज भी उनसे हाथ धो लेता हूँ।

कुछ टूटती इमारतों के ज़ोर से,
कुछ पुष्प मंजरों के शोर से,
इस अनंत कण की वर्षा में,
आज भी कुछ बूँदें पी लेता हूँ।

देखता हूँ उन्हें किरणों पर गिरते
अनमने भाव से मिलते बिछड़ते।
उनकी फिरकतों की हरकत से
आज भी इस मन को बहला लेता हूँ।

इन झरोखों की धूल से ,
आज भी अपने पहरों को परतों में गिन लेता हूँ।

- ख़ुफ़िया कातिल का धूमिल प्रणाम    




Wednesday, June 29, 2011

अस्थि शेष

आज कौन सा दिवस मनाऊं 
किस याद को आश्रय बनाऊं
कुछ गीत धरोहर रह गए 
अस्थि शेष ये बन गए
यहीं मेरे करुण द्वार
इसी चौखट मिलना उस पार

Thursday, June 9, 2011

बाबा रामदेव

हर हर महादेव
आयें बाबा रामदेव

केसरिया रंग बांधे
केश धारी तन साधे 
अनुलोम विलोम काजे
असंतुलित नयन बाजे

सांसों से करते दंगल
शनि हो या या हो मंगल
योग से हरते हर रोग 
एड्स सिद्ध प्राणायम प्रयोग

बाबा रामदेव दूरदर्शी
आसन मांगे अब कुर्सी
अन्ना थे बिना अन्न
प्रजातन्त्र का न्यू फैशन

रामलीला में खुली दूकान
धुनी शर्तों की अंधी जुबान
भ्रष्टाचार का बेचा अचार
सबने चखा और लिया चटकार

पर जब पड़ी लाठी की भनक
माथा गया और ठनक
कौन अब भूखे पेट लात खाए
प्रिय भक्तजनों आप आगे आयें

बस चंद दिनों के ब्रेकिंग न्यूज़
जब तक इनकी सच्चाई महफूज़

प्रजातंत्र नहीं एक भूख की गुलाम 
जहां अरबों के पेट में भूखी हर शाम


- ख़ुफ़िया कातिल का बाबा रामदेव के प्रति स्नेहपूर्ण आक्रोश

Monday, May 23, 2011

मैं क्या हूँ

बुनता एक जाल हूँ
सवालों का मलाल हूँ
अँधा गुलाल हूँ
घायल एक खाल हूँ

कतरों से जोड़ता ख्वाब हूँ
मूंदी आँखों से देता जवाब हूँ
डूबता सैलाब हूँ
हर रोज़ बर्बाद हूँ 

तसल्लियों का शिकार हूँ
खुद की ख़ुशी का करार हूँ
अपनी दफ़न का दरार हूँ
गिने गुनाहों का फरार हूँ

गीदड़ संत हूँ
अंत का दुरंत हूँ
एक स्तम्भ अनंत हूँ
तेर न्याय से परन्त हूँ

अनिर्वाहित भाव हूँ
लुप्त पड़ाव हूँ
थोपे चाशनी का घाँव हूँ
कर्ण कर्कश काँव हूँ 

पर्दों में लिप्त कोष हूँ
श्वेत दोष हूँ
धुंध लेप में होश हूँ
सर्द भस्म का आक्रोश हूँ

मैं क्या हूँ
एक नाम हूँ
काली शाम हूँ
ध्वस्त मुकाम हूँ
इसी में तमाम हूँ

Friday, May 13, 2011

मैं और मेरे कॉकरोच

उफ़ ये कॉकरोच 
हर रोज़ मरते 
पर फिर भी जीवित कॉकरोच 
रात की धुन्ध्लाहट के मोहताज 
कोने-कोने की छान बीन के सरताज
सूरज ढलने का इंतज़ार
और बत्तियां बुझने को तैयार
जहाँ मुड़ी आँखें
आ निकले ये धोखेबाज

अँधेरे में करते है खुसर पुसर
रौशनी में हो जाते है तितर बितर
छुप जाते है जैसे हो परछाईं 
चिपक जाते है बन कर काई
काले धब्बो से काली इनकी करतूत 
जमे बैठे है अरबो से ये यमदूत
अपने दो एंटीना से यह करते है वार्तालाप
देख के इनको महिलाओं के हो जाते है बाप बाप
पर यह धोखा किसी और को देना
चुन चुन मारूंगा तुम्हारी सेना
सताऊंगा तुम्हे मैं जहरीले गैस से
हिटलर ने भी नहीं मारा होगा ऐसे तैश में

पर मेरी बातें तुम्हे नहीं करती विचलित 
तुम प्रजनन करते हो प्रचलित
अंडे देते हो जैसे हो कोई मुफ्त उपहार
भारतीय होने के लक्षण है तुम में हज़ार
संख्या का मोल नहीं, अक्षरों में तोल नहीं
गली कूचे का क्या कहें, महलो में भी बोल रही
तुम से हैं हमारा भाईचारा  
जैसे पांडव और कौरवों का हो नज़ारा 
तुम सौ क्या, करोड़ों में आओ
कुरुक्षेत्र की भूमि समझ यहाँ मंडराओ 
पर अपने इस तुच्छ बुद्धि में बाँध लो गाँठ
मेरे चप्पल का नंबर है आठ
गिरेगी जब इस संख्या की गरज़ती गाज
दब जाओगे बनकर ख़ुफ़िया राज़

- ख़ुफ़िया कातिल की पेशक़श